जनपद कासगंज में कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव ढकरई में दीपावली की रात दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष हुआ। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी–डंडे और ईं-पत्थर चले। अवैध असलहों के इस्तेमाल का भी आरोप है। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में तनाव है, जिससे पुलिस तैनात कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे ढकरई गांव के बिजेंद्र उर्फ छोटे, नरेंद्र उर्फ करु, पुष्पेंद्र सिंह, शिवम उर्फ पुच्चु और सौरभ पुत्र रामपाल सिंह का वहीं के विकास के घर के बाहर किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। आरोपितों ने गाली-गलौज के बाद विकास, सुरजीत सिंह, विनय सिंह और कल्लू सिंह पर लाठी–डंडे और ईंट–पत्थरों से हमला कर दिया। फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और पथराव हुआ।
आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर पवन को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जा रहा थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गंजडुंडवारा कोतवाली जा पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए करीब तीन घंटे तक हंगामा किया।
इसका पता लगने पर पहुंचे सीओ पटियाली संदीप वर्मा, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने लोगों को समझाकर शांत करने की कोशिश की। मगर भीड़ में मौजूद लोग मानने को तैयार नहीं थे, और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते रहे। सीओ संदीप वर्मा ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहीं तब जाकर लोग शांत हुए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, घटना के बाद से ढकरई गांव तनाव की स्थिति है। हालांकि आरोपी पक्ष के लोग फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। सुरक्षा के लिहात से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद पुलिस के आला अफसरों ने मौका मुआयना किया। पुलिस का कहना हे दोनों पक्षों में पहले से रंजिश चल रही थी। मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनसार पवन की शादी मात्र एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी नीलम और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच आए दिन विवाद होता था। गांव वाले समझाकर मामले को शांत करा देते थे। मगर दीपावली की रात विवाद ज्यादा बढ़ गया।