जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद कासगंज के सहावर कोतवाली क्षेत्र में बीती देर रात एक 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के चाचा ने कस्बे की रहने वाली एक लड़की के पिता, भाई और मामा सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जिया अहमद (19 वर्ष) पुत्र इकरार अहमद निवासी सोरों रोड, सहावर के रूप में हुई है। मृतक के चाचा रजी अहमद ने बताया कि जिया हर रोज की तरह बीती रात बोंदर रोड स्थित झंडा मोहल्ले में चाय पीने गया था। रात करीब 9 बजे जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर चाकू, हॉकी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर वह युवती, जिसने कुछ समय पहले जिया अहमद पर रेप का मामला दर्ज कराया था, भी अस्पताल पहुंची। जिया की मौत की खबर सुनते ही वह फफक-फफक कर रो पड़ी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि लड़की और उसके पिता घायल अवस्था में जिया को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सहावर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतक के चाचा रजी अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर लड़की के पिता चुन्ना, भाई और मामा सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिया और लड़की के बीच कुछ समय से जान-पहचान थी, जिसके चलते दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के कारण युवक की हत्या की गई।
फिलहाल पुलिस ने लड़की से पूछताछ शुरू कर दी है। लड़की का कहना है कि उसके पिता को सूचना मिली थी कि किसी ने जिया पर हमला किया है, जिसके बाद वह उनके साथ मौके पर पहुंची थी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और कहा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
वहीं, जिया की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।