जागरण टुडे, बरेली। गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य सेंट्रल गुरुपर्व का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय कार्यक्रम 4 और 5 नवंबर को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में आयोजित होगा।
समूह संगत के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में पंथ प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थे एवं कथा वाचक गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है।
गुरुनानक देव जी ने संसार को सिखाया कि ईश्वर प्राप्ति का मार्ग सत्य, सेवा और समानता से होकर गुजरता है। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त करने का आह्वान करते हुए “एक पिता एकस के हम बारिक” का संदेश दिया। उनके तीन मुख्य सिद्धांत- किरत करो, नाम जपो, वंड छको हैं, जो आज भी मानवता के मार्ग दर्शन का आधार हैं। उन्होंने लंगर प्रथा की शुरुआत कर समाज में समानता का संदेश दिया।
इस वर्ष के समागम में विशेष रूप से भाई इंद्रजीत सिंह, डॉ. अलंकार सिंह, भाई हरविंदर सिंह (गंगानगर वाले) और भाई हरप्रीत सिंह कीर्तन द्वारा गुरु साहिब की शिक्षाओं का प्रचार करेंगे। सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी के महासचिव हरप्रीत सिंह खालसा ने प्रेस वार्ता में बताया कि सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कमेटी अध्यक्ष परमजीत सिंह ओबेरॉय ने समूह संगत से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की और प्रेस बंधुओं से आग्रह किया कि गुरु नानक देव जी का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग दें।
प्रेस वार्ता में परमजीत सिंह ओबेरॉय, हरप्रीत सिंह खालसा, दलबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, सतवंत सिंह, पर सिंह दुआ, मंजीत सिंह नागपाल, मनमीत सिंह बिट्टू (सिख मिशनरी कॉलेज), गुरमीत सिंह, हरप्रीत सिंह बिंद्रा सहित शहर की विभिन्न सिख कमेटियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से महेंद्र सिंह बाजवा, बिट्टू जा, अमरजीत सिंह, जसपाल सिंह गुजराल आदि ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी ने समस्त संगत को पावन प्रकाश पर्व में सहभागी बनकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संदेश दिया।