जागरण टुडे, कासगंज।
शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चामुंडा तरोरा महारानी मंदिर पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली का पर्व भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में दर्शन करने के लिए आना शुरू हो गया था। मां चामुंडा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
शाम ढलते ही मंदिर प्रांगण में दीपों से सजी अद्भुत छटा दिखाई दी। भक्तों ने मां चामुंडा सहित देवी-देवताओं के चरणों में हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए, जिससे मंदिर परिसर जगमगा उठा। दीपों की सुनहरी आभा और भक्तिमय संगीत से दृश्य मनोहारी बन गया।
महंत एवं पुजारियों द्वारा विशेष श्रृगार, पूजन-विधान और महाआरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित देवी मां के चरणों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में शांति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए पुलिस व स्वयंसेवकों की तैनाती रही, जिससे दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
देव दीपावली पर भक्तों ने गंगा स्नान, दान-पुण्य एवं धार्मिक अनुष्ठानों का भी विशेष महत्व बताया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, जल तथा साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था की गई थी।
मंदिर परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन और माता रानी की विशेष आरती में भक्त भाव-विभोर होते दिखाई दिए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरे पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित देव दीपावली पर्व ने धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश दिया।मंदिर पुजारी अनेक पाल सिंह ने बताया यह देव दिवाली पर्व मां चामुंडा के परिवार विगत 11वर्षो से मनाया जा रहा है। मां चामुंडा रानी सभी भक्तो की मुरादे पूरी करती है।