जागरण टुडे, कासगंज।
शनिवार को तहसील कासगंज में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। समाधान दिवस में जिलेभर से आए लोगों की समस्याओं को सुना गया। इसी दौरान तीन दिव्यांग महिलाओं ने अपने राशन कार्ड न बनने की शिकायत दर्ज कराने के लिए तहसील परिसर पहुंचकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
जैसे ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह की नजर दिव्यांग पीड़ित महिलाओं पर पड़ी, वे तुरंत अपनी कुर्सी छोड़कर बाहर आए और जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम के इस संवेदनशील व्यवहार ने उपस्थित लोगों को भी प्रभावित किया। तीनों दिव्यांग महिला—संजू देवी, शमा परवीन और बिमलेश कुमारी—लंबे समय से अपना राशन कार्ड न बन पाने के कारण परेशान थीं। कई बार प्रयास करने के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिली, जिसके चलते वे समाधान दिवस में अपनी शिकायत लेकर पहुंची थीं।
डीएम प्रणय सिंह ने गंभीरता से उनकी समस्या सुनी और मौके पर ही एसडीएम संजीव कुमार को निर्देश दिया कि तीनों महिलाओं के राशन कार्ड उसी दिन बनवाए जाएं। निर्देश मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत प्रक्रिया शुरू कर दी। डीएम के त्वरित हस्तक्षेप से तीनों महिलाओं की समस्या का उसी समय समाधान हो गया।
समस्या हल होने के बाद तीनों दिव्यांग महिलाओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अगर हर अधिकारी इसी तरह संवेदनशील होकर जनता की समस्याओं को समझे, तो किसी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
समाधान दिवस में कुल 52 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। डीएम और एसपी की उपस्थिति में आयोजित यह समाधान दिवस संवेदनशील प्रशासन का अच्छा उदाहरण बना।