बदायूँ 16/17 नवंबर 2025 की रात को थाना सिविल लाइन क्षेत्रान्तर्गत खेडा बुजुर्ग स्थित सर्वेश्वर साई मंदिर में पुजारी मनोज शंखधार की निर्मम हत्या व लूटपाट की घटना का सफल अनावरण किया गया। पुलिस ने घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति बरामद की। प्रत्येक आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
घटना में मृतक पुजारी अपने कमरे में सो रहा था। अज्ञात अपराधियों ने अगोछे से गला दबाकर और पैर बांधकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मंदिर परिसर से दो चांदी के मुकुट, CCTV का DVR और मृतक का मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। मृतक के बहनोई सत्येन्द्र मिश्रा की तहरीर के आधार पर 17 नवंबर को थाना सिविल लाइन पर मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय और थाना प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में चार टीमों का गठन कर घटना की पतारसी शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से अनुसंधान किया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
गिरफ्तार किए गए आरोपी —विशेष कुमार उर्फ छोटू, नीतेश कुमार और हिमांशु।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या पारिवारिक विवाद और निजी रंजिश के कारण की गई। मृतक का अपने बहनोई के परिवार की अविवाहित बहन के साथ अवैध संबंध था, जिससे आपसी मतभेद उत्पन्न हुए। हत्या की योजना के तहत नीतेश ने पहले मंदिर का गेट खोला और तीनों ने मिलकर पुजारी की हत्या कर लूटपाट को अंजाम दिया।
बरामद सामग्री में दो चांदी के मुकुट और घटना में प्रयुक्त काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP 24 BK 5022) शामिल है। आरोपी हिमांशु पहले भी दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में अपराध में लिप्त रहा है।
गिरफ्तारी बिल्सी रोड, नई जेल के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह सफलता व्यापक सर्विलांस, फॉरेंसिक जांच और सतत जांच प्रयासों का परिणाम है, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश भी गया।