जागरण टुडे,गंजडुंडवारा /कासगंज।
कासगंज जनपद के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के बरौना गांव में रविवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हो गया। खेत पर काम को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चल पड़े। इसी दौरान फायरिंग होने का भी आरोप लगाया गया है। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर परिजन घायलों को तुरंत गंजडुंडवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि संघर्ष के दौरान एक पक्ष के सुखवीर (29) को गोली लगने का आरोप लगाया गया है। परिवारजन बालक राम ने गांव के ही बेचें, श्रीराम और लड़ेते सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
बालक राम के अनुसार उनका परिवार खेत पर काम कर रहा था, तभी आरोपित वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई और आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें उनके चचेरे भाई सुखवीर के घायल होने की बात कही जा रही है। संघर्ष में सुखदेवी (40), चांदनी (15), गंगा देवी (14), अमित (22) और घारम (45) भी घायल हुए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष के बुद्धपाल और धर्मेंद्र सहित करीब आधा दर्जन लोग भी घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें पटियाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस ने एहतियातन गांव में गश्त बढ़ा दी है।
थाना प्रभारी चंचल सिरोही ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों के लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।