Friday, January 30, 2026

Bareilly News: आटोमेटिक कार नहीं मिली तो जज की वकील भतीजी को मार डाला

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: November 28, 2025

Bareilly News: आटोमेटिक कार नहीं मिली तो जज की वकील भतीजी को मार डाला

जागरण टुडे, बरेली

बृहस्पतिवार को बरेली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जज असगर अली और अधिवक्ता अच्छन अंसारी की भतीजी महजबीन की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। महजबीन भी वकील थीं। उनकी मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मृतका के आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।


नौ महीने पहले हुई महजबीन की शादी  

बरेली शहर के थाना बरदारी क्षेत्र के पुराना शहर सहसवानी टोला निवासी डॉ. हाशिम की बेटी महजबीन एलएलबी करने के बाद एलएलएम कर रही थी। इसी बीच 27 फरवरी 2025 को उनका विवाह हो गया। अधिवक्ता महजबीन (25) की शादी प्रेमनगर थाना क्षेत्र  शाहाबाद निवासी डॉ. तलहा से हुई थी। महजबीन के चाचा अच्छन अंसारी पेशे से वकील और आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि शादी में परिवार ने खूब दान-दहेज दिया था। शादी में कार भी दी थी, लेकिन महजबीन के ससुराल वाले ऑटोमैटिक कार की मांग कर रहे थे। आरोप है कि बुधवार देर रात ससुराल वालों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक उसके गले पर निशान पड़े हुए हैं।

ऑटोमैटिक कार न मिलने पर करते थे उत्पीड़न

चाचा अच्छन अंसारी ने बताया कि महजबीन ने फोन पर जानकारी दी थी कि उसके ससुराल वाले ऑटोमैटिक कार की मांग कर रहे हैं। इस पर वे लोग बेटी की ससुराल गए थे और वहां बातचीत भी की थी, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करते रहे।

ससुराल वालों ने छुड़वा दी थी एलएलएम की पढ़ाई

पिता डॉ. हाशिम अंसारी ने बताया कि उन्होंने बेटी को खूब पढ़ाया-लिखाया। उसे एलएलबी करवाई और उसने प्रैक्टिस भी शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि बेटी एलएलएम कर रही थी, लेकिन दामाद तलहा डॉक्टर है, इसलिए उसने एलएलएम की पढ़ाई छुड़वा दी थी, और कह रहा था कि इसे डॉक्टर बनाएंगे। शादी को सिर्फ 9 महीने हुए थे कि उनकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने मौत के घाट उतार दिया।

आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पति-सास गिरफ्तार

प्रेमनगर पुलिस ने मृतका के पति डॉ.  तलहा, देवर डॉ. मोहम्मद हमजा, मोहम्मद जैद, ससुर डॉ. मेंहदी हसन, सास आसमा, ननद उजमा, ननद चमन और ननदोई फैजान के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी पति और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा। 

बार एसोसिएशन आया आगे

बरेली बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज हरित ने कहा है महिला वकील के साथ हुए उत्पीड़न और हत्या करने वाले आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी, जिससे महिला वकील परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि बरेली बार हर संभव मदद को तैयार है।

अस्पताल वालों से मिली घटना की सूचना

अधिवक्ता अच्छन अंसारी ने बताया कि उन्हें बेटी महजबीन की मौत होने की जानकारी बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अस्पताल से मिली। आरोप है कि ससुराल वाले खुद को बचाने के लिए महजबीन को मारने के बाद इलाज के बहाने एक रिश्तेदार डाक्टर के अस्पताल ले गए। उन्हें लगा कि रिश्तेदारी के नाते डाक्टर तुरंत भरती कर लेंगे। मगर डॉक्टर ने अस्पताल के अंदर ले जाने से पहले ही महजबीन को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल वालों ने ही लड़की के भाई जहांगीर आलम को फोन पर घटना की सूचना दी। मायके वालों के वहां पहुंचने से पहले ससुराल वाले शव को जिला अस्पताल ले गए।

जिसने सुना वही दौड़ पड़ा

महजबीन की मौत का पता लगते ही मायके में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों और नजदीकी लोगों में चर्चा फैली तो कुछ ही देर में जिला अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। घटना के बारे में जिसने सुना वही मौके पर जिला अस्पताल दौड़ गया। डॉक्टरों के पैनल ने महजबीन का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान बरेली बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज हरित, आजाद समाज पार्टी के कई पदाधिकारी, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले महजबीन का शव पुराना शहर सहसवानी टोला अपने घर ले गए। इसके बाद सतीपुर रोड स्थित ककरइया कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.