इंडिगो की बेंगलुरु और मुंबई रूट की फ्लाइटों में पिछले दिनों से चल रही परिचालन संबंधी दिक्कतें अब काफी हद तक खत्म हो गई हैं। गुरुवार को बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट निर्धारित समय 2:20 बजे के बजाय 11 मिनट पहले 2:09 बजे बरेली पहुंच गई, जिससे यात्रियों को राहत मिली। हालांकि वापसी उड़ान में देरी हुई और बरेली से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट निर्धारित समय से 35 मिनट बाद, लगभग 3:30 बजे रवाना हो सकी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी ने बताया कि परिचालन में सुधार आ चुका है और तकनीकी व समन्वय संबंधी जो समस्याएं कुछ दिनों से चल रही थीं, अब दूर हो गई हैं। गुरुवार को बेंगलुरु से 116 यात्री बरेली पहुंचे, जबकि यहां से 158 यात्रियों ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। अधिकारी के अनुसार, बुधवार को मुंबई रूट की फ्लाइट में मुंबई से 163 यात्री आए थे और बरेली से 196 यात्री मुंबई के लिए रवाना हुए थे।
फ्लाइट संचालन सामान्य होने के बावजूद सबसे बड़ी चिंता यात्रियों की संख्या में आई गिरावट है। बरेली-बेंगलुरु और बरेली-मुंबई रूट पर पिछले पांच दिनों में यात्री लोड में भारी कमी देखी गई है। परिचालन में दिक्कतों के दौरान यात्रियों ने टिकट बुक कराने से परहेज किया, जिसका सीधा असर पैसेंजर लोड पर पड़ा। जहां पहले 321 सीटर एयरबस लगभग पूरी क्षमता के साथ उड़ान भरती थी, वहीं अब यात्रियों की संख्या लगभग आधी रह गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि फ्लाइट टाइमिंग में अनिश्चितता और बार-बार हो रही देरी के कारण यात्रियों ने वैकल्पिक रूट या अन्य एयरलाइनों का रुख किया। हालांकि अब परिचालन संतुलित होता दिख रहा है, मगर यात्री क्षमता पूर्व स्तर पर आने में अभी समय लग सकता है। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में फ्लाइट समय से संचालित होती रहीं, तो यात्रियों का विश्वास दोबारा लौट सकता है।