दहेज जैसी कुप्रथा ने एक बार फिर इंसानियत और कानून दोनों को शर्मसार कर दिया। जनपद बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब फेरों से ठीक पहले दूल्हा और उसके परिजन 20 लाख रुपये नकद और ब्रेजा कार की मांग पर अड़ गए। दहेज की मांग सुनकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इस पर शादी समारोह में हंगामा मचने लगा। इसका पता लगने पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। फिर कुछ लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश में जुट गए।
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार की रहने वाली युवती की शादी थाना प्रेमनगर के मोहल्ला नई बस्ती माधोबाड़ी निवासी ऋषभ पुत्र राम अवतार से तय हुई थी। दुल्हन पक्ष के लोगों ने बताया कि करीब आठ महीने पहले सगाई हुई थी, जिसमें उन्होंने शहर के एक होटल में आयोजन किया, जिसमें करीब तीन लाख रुपये खर्च हुए होंगेए। सगाई के दौरान दूल्हे को सोने की अंगूठी, चेन और पांच लाख रुपये नकद दिए गए।
गुरुवार को लगुन में एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद दिए गए। शादी समारोह कैंट के सदर बाजार स्थित युगवीणा मैरिज हॉल में रखा गया। तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार रात बारात युगवीणा पहुंची और सभी रस्में पूरी की गईं। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष के लोगों ने 20 लाख रुपये और ब्रेजा कार की मांग रख दी। उन्होंने आधी रात में कार उपलब्ध न होने की बात कही, जिस पर दूल्हे वाले कार की कीमत के बराबर नकद रुपचे देने का कहने लगे।
मांग पूरी न होने पर विवाद बढ़ा और बारात लौटने लगी, जिससे हंगामा शुरू हो गया। लड़की पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने दूल्हा ऋषभ, उसके पिता राम अवतार और जीजा को हिरासत में ले लिया। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय कराने वाले सिकलापुर निवासी इंद्रपाल ने उन्हें लगातार गुमराह किया।
दुल्हन पक्ष का कहना है कि वह अब तक करीब 15 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं और सोने के जेवर एवं नकदी दी जा चुकी है। कैंट थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही हे। कुछ लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश में लगे हैं। अगर तहरीर मिली तो दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।