बारादरी थाना पुलिस ने झारखंड से अफीम लाकर जिले में सप्लाई करने वाले चार तस्करों को दो अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि चौकी प्रभारी सेटेलाइट विनय बहादुर सिंह शुक्रवार देर रात गश्त करते हुए सेटेलाइट अड्डे से कुछ आगे खाली पड़ी जगह के पास पहुंचे कि दोनों तस्कर देख कर भागने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर हिरासत में लेकर तलाशी ली तो 905 ग्राम अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 22 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगंज थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर निवासी मुनीश कुमार उर्फ पुष्पेन्द्र और मेहरबान के रूप में हुई है। बताया कि पुष्पेंद्र 8वीं तक पढ़ा है और मेहरबान अनपढ़ है। दोनों झारखंड से अफीम खरीदकर लाते थे, जिसे मिलावट कर अच्छे दामों पर लोकल में बेचते थे। कभी-कभी अफीम को ले जाकर पंजाब में भी बेचते थे। दोनों फिर अफीम लेकर पंजाब जाने वाले थे कि गिरफ्तार कर लिए गए।
दूसरे मामले में शुक्रवार रात को मिलक मझारा, थाना भमोरा निवासी महिपाल और नवाबगंज निवासी देवपाल को एफसीआई गोदाम के पास से 1.526 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत 38 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ में दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि दोनों अपने साथियों सुमित वर्मा और अजय के साथ मिलकर झारखंड से अफीम और कभी-कभी डोडा की खेती करने वाले स्थानीय किसानों से भी अफीम खरीदते थे, जिसकी सप्लाई पीलीभीत, नेपाल, उत्तराखंड समेत अन्य स्थानों पर करते थे।