अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा की युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के उपरांत श्री अरविन्द मुरलीधर जी ने अपने दायित्व की शुरुआत आध्यात्मिक आस्था और कृतज्ञता भाव के साथ की। उन्होंने सर्वप्रथम महासभा के मुख्य संरक्षक श्री महेश जी पाठक के सानिध्य में दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थल श्री रामेश्वरम में भगवान रामेश्वरम की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री अरविन्द मुरलीधर जी ने भगवान रामेश्वरम से अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा तथा देशभर के तीर्थ पुरोहितों की उन्नति, सम्मान और संगठन की सुदृढ़ता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनका उद्देश्य तीर्थ पुरोहितों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाना और परंपरागत धार्मिक व्यवस्थाओं को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाना है।
इस विशेष पूजन कार्यक्रम में माथुर चतुर्वेद परिषद् के संरक्षक श्री गिरधारी लाल पाठक, महामंत्री श्री राकेश तिवारी एडवोकेट तथा उपाध्यक्ष श्री संजय चतुर्वेदी एल्पाइन विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं प्रकट कीं।
पूजन अनुष्ठान का विधिवत संपादन श्री रामेश्वरम मंदिर के पुजारी श्री गणेश कोटी एवं श्री विजय बोकील द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पूजा उपरांत माहौल पूरी तरह भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
इस अवसर पर माथुर चतुर्वेद परिषद् के महामंत्री श्री राकेश तिवारी एडवोकेट ने श्री अरविन्द मुरलीधर जी को मथुरा पधारकर श्री यमुना जी का पूजन एवं दर्शन करने का औपचारिक आमंत्रण दिया। श्री अरविन्द मुरलीधर जी ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए निकट भविष्य में मथुरा-वृंदावन आने तथा धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की सहमति व्यक्त की।
यह आयोजन संगठनात्मक एकता, आस्था और तीर्थ परंपरा को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।