Saturday, January 31, 2026

Bareilly News: पूस की रातों में उम्मीद की चादर, समर्पण एक प्रयास ने बांटे 1100 कंबल

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 18, 2025

Bareilly News: पूस की रातों में उम्मीद की चादर, समर्पण एक प्रयास ने बांटे 1100 कंबल

जागरण टुडे, बरेली

कड़ाके की ठंड में मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए समर्पण एक प्रयास संस्था ने गुरुवार को जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों एवं अन्य जरूरतमंदों को 1100 कंबल, टोपी, मफलर और मोजे वितरित किए। इस सेवा अभियान का उद्देश्य सर्दी के मौसम में गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों को ठंड से राहत पहुंचाना है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह और एएसपी सोनाली मिश्रा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने जरूरतमंदों को कंबल, टोपी, मफलर और मोजे वितरित कर सेवा कार्य को सराहा। संस्था के अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि समर्पण एक प्रयास पिछले नौ वर्षों से निरंतर जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए प्रतिदिन 250 से 500 लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही संस्था हर वर्ष सर्दियों में गरीब एवं असहाय लोगों के लिए गर्म कपड़े और कंबल वितरण का कार्य करती आ रही है।

दिलीप अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज के सबसे कमजोर वर्ग को संबल प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे आगे आकर ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग करें, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके।

एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सेवा और समर्पण से आत्मिक संतोष मिलता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। वहीं एएसपी सोनाली मिश्रा ने कहा कि वह अपना जन्मदिन भी वंचित वर्ग के लोगों की सहायता कर उनके साथ मनाएंगी और सभी को अपने विशेष दिनों में जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए।

कार्यक्रम में कवि रोहित राकेश ने अपनी पंक्तियों से वातावरण को भावुक बना दिया। उन्होंने कहा—जितना करता समर्पण का प्रयास है, उतना ही मनुष्य होता प्रभु के पास है। इस अवसर पर अश्विनी ओबरॉय, संजय सिंघल, कवि रोहित राकेश, सुरेंद्र लाला, महेश मेहरोत्रा, आराधना अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, मोहन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.