पिछले कई दिनों से हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। बरेली ही नहीं पूरे प्रदेश में शनिवार इस सीजन का अब तक सबसे ठंडा का दिन रहा। रात और दिन के तापमान में अंतर काफी कम रह गया। इससे दिन में रात का अहसास होता रहा। अधिक ठंड होने की वजह से लोग केवल जरूरत पर ही घरों से बाहर निकले।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम यानी 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ 3.1 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रहा। शनिवार को दिन ठंडी हवा के चलते दिनभर गलन बनी रही। पिछले चार दिनों में तीसरी बार अधिकतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच में रहा है। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और 17 दिसंबर को 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। गुरुवार को एक दिन धूप खिलने से कुछ राहत मिली थी। बरेली के बाद प्रदेश में सबसे ठंडा दिन मंडल के जिला शाहजहांपुर रहा। यहां अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में घने कोहरे से कुछ राहत मिलेगी और तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी होगी, लेकिन 24 दिसंबर के बाद फिर से तीन दिनों तक घना कोहरा छाएगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
कोहरे का असर: 10 से 15 घंटे तक देरी से चल रहीं ट्रेनें
कोहरे के चलते ट्रेनें 10 से 15 घंटे की देरी से चल रही हैं। शनिवार को भी कोहरे के चलते पांच से अधिक ट्रेनें निरस्त रहीं और कई देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों के सर्दी के मौसम में घंटों ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। 64177 मुरादाबाद पैसेंजर, 54075 दिल्ली पैसेंजर, 15119 देहरादून जनता एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ, 64176 बरेली पैसेंजर शनिवार को रद्द रही। इसके अलावा 15211 जननायक एक्सप्रेस 45 मिनट, 22551 अन्त्योदय सुपरफास्ट 2 घंटे, 03223 हरिद्वार स्पेशल 15 घंटे, 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस 5 घंटे, 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस 3 घंटे 50 मिनट, 12204 गरीब रथ ढाई घंटे लेट रही। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी बरेली जंक्शन पर देरी से आईं।