आगरा मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल ने की। बैठक में मंडल स्तर पर हिंदी के प्रयोग, प्रगति की समीक्षा तथा भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा हिंदी केवल एक औपचारिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रशासन को जनसामान्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता दें और इसे अधिक प्रभावी तथा सरल बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी के प्रयोग से कार्य की पारदर्शिता और संप्रेषण की गुणवत्ता में वृद्धि होती है।
बैठक के उपरांत राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में श्री रुपेश बघेला (वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सामान्य), डॉ. मनीष मदान (वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी), प्रशस्ति श्रीवास्तव (मंडल परिचालन प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी) एवं संजीव कुमार जाटव (सहायक वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट) शामिल रहे।
वहीं कर्मचारियों की श्रेणी में ललित वर्मा, विक्रम यादव, कृष्ण कुमार सक्सेना, राजेश कुमार सिंह एवं सोनू को उनके सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह और गर्व का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी आगरा बीएस चौहान ने किया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रणव कुमार, वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।