डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में सुशासन दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य अतिथि सेवानिवृत मुख्य सचिव राजीव कुमार, विशिष्ट अतिथि सेवा निवृत आईएएस चोब सिंह वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर आरंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, डीएफओ वेंकटा श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर अभिनव जे जैन आदि अधिकारी उपस्थित रहे। कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागतगान प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि राजीव कुमार ने कहा कि समय के साथ कार्यप्रणाली में बदलाव अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल युग में ई-ऑफिस, ई-फाइलिंग और ऑनलाइन सेवा वितरण को सुशासन का मजबूत आधार बताया। उन्होंने अधिकारियों और ग्राम प्रधानों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विशिष्ट अतिथि चोब सिंह वर्मा ने कहा कि यह जनपद धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना और गोकुल जैसे तीर्थ स्थलों के कारण प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु यहां आते हैं। यमुना एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी ने जनपद के विकास को नई गति दी है।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए जनपद में किए जा रहे नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का 70 प्रतिशत से अधिक निस्तारण किया गया है। प्लास्टिक मुक्त ब्रज की रज अभियान के तहत घर-घर कचरा संग्रह, प्लास्टिक मुक्त तालाब अभियान, जीवन पोर्टल के माध्यम से जन्म-मृत्यु पंजीकरण को सरल बनाया गया है। इसके साथ ही मॉडल और डिजिटल लाइब्रेरी, शहीद स्मारक निर्माण तथा ‘एक जनपद एक उत्पाद’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग की जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना ने अमृत सरोवर, खेल मैदान, मिशन मुस्कान, मिशन सुपोषण 100 और शिक्षा व पोषण से जुड़े अभियानों की उपलब्धियां साझा कीं। कार्यक्रम में आईजीआरएस और विशेष अभियानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और बीएलओ को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद प्लास्टिक मुक्त ब्रज अभियान के तहत कूड़ा कलेक्शन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।