Friday, January 30, 2026

Mathura News: कांग्रेस स्थापना दिवस पर हुंकार, लोकतंत्र बचाने को सड़क से संसद तक आंदोलन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 28, 2025

Mathura News: कांग्रेस स्थापना दिवस पर हुंकार, लोकतंत्र बचाने को सड़क से संसद तक आंदोलन

जागरण टुडे, मथुरा

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस मथुरा जनपद में जिला कांग्रेस कार्यालय सहित सभी ब्लॉकों में श्रद्धा और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुई। इस अवसर पर ध्वज रक्षक सेवादल के पूर्व अध्यक्ष मनोज गौड़ ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर से कांग्रेस पार्टी का ध्वजारोहण कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी और इसके प्रथम अध्यक्ष वयोवृद्ध नेता कोमेशचंद्र बनर्जी थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचारधारा है, जो धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संविधानिक मूल्यों में विश्वास रखती है। कांग्रेस के नेतृत्व में देश ने आजादी की लड़ाई लड़ी और स्वतंत्रता के बाद देश को विकास की मजबूत नींव दी गई।

मुकेश धनगर ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने पंचवर्षीय योजनाएं लागू कीं, योजना आयोग का गठन किया, आईआईटी जैसे शिक्षण संस्थान, एम्स जैसे अस्पताल, जेएनयू जैसे विश्वविद्यालय देश को दिए। इसके साथ ही मनरेगा, सूचना का अधिकार कानून, खाद्य सुरक्षा गारंटी योजना और शिक्षा का अधिकार जैसे कानून बनाकर आम जनता को सशक्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार ने इन जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने के अलावा कोई ठोस कार्य नहीं किया।

कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर संकल्प लेते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार अंग्रेजों के अत्याचारों के आगे कांग्रेस के नेता कभी नहीं झुके, उसी तरह आज पार्टी नरेंद्र मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों, संवैधानिक संस्थाओं पर अंकुश और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक जन आंदोलन करेगी।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने कहा कि आज लोकतंत्र के सबसे मजबूत स्तंभ न्यायपालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बलात्कारियों, दंगाइयों और माफियाओं को सजा के बजाय संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे जनता का भरोसा कमजोर हो रहा है।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.