Saturday, January 31, 2026

बवालियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सीरियल किलर की गिरफ्तारी पर एसएसपी को मिला सम्मान

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 28, 2025

बवालियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सीरियल किलर की गिरफ्तारी पर एसएसपी को मिला सम्मान

गुलरेज खान, बरेली

जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूती देने, बड़े आपराधिक मामलों का खुलासा करने और सांप्रदायिक तनाव को समय रहते नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया है। यह सम्मान रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने एसएसपी की कार्यशैली की खुले मंच से सराहना की।

एसएसपी अनुराग आर्य को यह सम्मान विशेष रूप से 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल के दौरान त्वरित और निर्णायक कार्रवाई के लिए दिया गया है। उस दिन बरेली का माहौल बिगाड़ने की सुनियोजित कोशिश की गई थी। अराजक तत्व शहर में हिंसा फैलाने और आगजनी की साजिश रच रहे थे। हालात की गंभीरता को भांपते हुए एसएसपी अनुराग आर्य खुद सड़क पर उतरे और मोर्चा संभाल लिया। उनके नेतृत्व में पुलिस ने बवाल कर रहे उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को ताबड़तोड़ गिरफ्तार किया, जिससे हालात काबू में आ सके।

बवाल के दौरान मौलाना तौकीर रजा खां समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से बरेली को बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी की चपेट में आने से बचा लिया गया। बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विभिन्न मंचों से बरेली पुलिस की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उसकी सराहना की थी।

एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया। माफिया, हिस्ट्रीशीटर और संगठित अपराध से जुड़े तत्व या तो जेल भेजे गए या जनपद छोड़ने को मजबूर हुए। इससे आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास मजबूत हुआ।

इसके अलावा एसएसपी अनुराग आर्य के कार्यकाल की एक बड़ी उपलब्धि शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र से जुड़े चर्चित सीरियल किलिंग मामले का खुलासा रहा। इन इलाकों में एक साल के भीतर करीब 11 महिलाओं की हत्या ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। पूर्व में कई अधिकारी इस गुत्थी को सुलझाने में असफल रहे थे।

वर्ष 2024 में जिले की कमान संभालने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने इस मामले को प्राथमिकता पर लिया। उन्होंने कई विशेष टीमें गठित कीं और स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग की। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और जमीनी जांच के आधार पर पुलिस नवाबगंज निवासी कुलदीप गंगवार तक पहुंची, जिसे गिरफ्तार कर महिलाओं की हत्या की वारदातों का खुलासा किया गया। आरोपी को जेल भेजने के साथ ही लंबे समय से दहशत में जी रहे इलाकों को राहत मिली।

एसएसपी अनुराग आर्य को यह उत्कृष्ट सेवा पदक जनपद बरेली में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील परिस्थितियों में नेतृत्व क्षमता का परिचय देने के लिए दिया गया है। पुलिस महकमे में इस सम्मान को प्रेरणास्रोत के रूप में देखा जा रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.