मथुरा जिले की बलदेव विधानसभा क्षेत्र में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह सम्मेलन एसवीएस इंटरनेशनल स्कूल, कारव, बलदेव में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री अमित बाल्मीकि, क्षेत्रीय मंत्री अनीता जैन, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करना तथा युवाओं और कार्यकर्ताओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। उनकी राजनीति में संवाद, सहमति और संवेदनशीलता का विशेष स्थान था। उन्होंने कहा कि अटल जी के सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करना होगा।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश के विकास को नई दिशा दी। सड़क, संचार, परमाणु शक्ति और विदेश नीति जैसे क्षेत्रों में उनके निर्णय आज भी मील का पत्थर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी की नीतियों और मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री अमित बाल्मीकि ने कहा कि अटल जी की विरासत केवल भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अटल जी के सुशासन और राष्ट्रवाद की सोच को आगे बढ़ा रही है।
सम्मेलन के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, संघर्ष और योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में सतपाल चौधरी, भानु प्रताप सिंह, पारस ठाकुर, मनीष ओझा, वेद प्रकाश सोलंकी, रामकुमार उपाध्याय, श्यामवीर चौधरी, भूरी सिंह कुशवाहा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।