नगर निगम मथुरा–वृंदावन ने शहर को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम द्वारा 50 इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों का शुभारंभ किया गया। यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ हरित शहर के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है।
औरंगाबाद जोन के वार्ड संख्या 28 स्थित डिफेंस कॉलोनी से इन 50 इलेक्ट्रिक वाहनों को महापौर विनोद अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर निगम सीमा के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में इन वाहनों को संचालित किया जाएगा, जिससे घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से न केवल स्वच्छता कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि ध्वनि और वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
महापौर विनोद अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम मथुरा–वृंदावन स्वच्छ शहर और स्वच्छ हवा के लक्ष्य को लेकर लगातार प्रयास कर रहा है। इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल है। इससे ईंधन की बचत होगी और शहर को हरित बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान औरंगाबाद जोन की डिफेंस कॉलोनी में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। इस चार्जिंग स्टेशन से भविष्य में नगर निगम द्वारा संचालित इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन में सुविधा होगी और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को और बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान, नेचर ग्रीन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष सांगवान सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को स्वच्छता और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या और बढ़ाई जाएगी, जिससे मथुरा–वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य साकार किया जा सके।