Saturday, January 31, 2026

Mathura News: अटल स्मृति गोष्ठी में गूंजा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 31, 2025

Mathura News: अटल स्मृति गोष्ठी में गूंजा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

जागरण टुडे, मथुरा

भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मथुरा महानगर द्वारा आयोजित अटल स्मृति गोष्ठी बुधवार को नगर निगम सभागार में गरिमामय और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य अटल जी के जीवन दर्शन, राष्ट्रसेवा और दूरदर्शी नेतृत्व को स्मरण कर नई पीढ़ी को उनसे प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, प्रदेश सह-संयोजक (शिक्षक प्रकोष्ठ) यदवेन्द्र प्रताप सिंह एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल जी का जीवन दर्शन आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणापुंज है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युगपुरुष थे, जिन्होंने भारतीय राजनीति को शुचिता, संवाद और सुशासन का नया मार्ग दिखाया। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी के साहसी और दूरदर्शी नेतृत्व ने अंतरराष्ट्रीय दबावों और प्रतिबंधों की परवाह किए बिना भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। इसी निर्णय से भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की।

योगेंद्र उपाध्याय ने स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अटल जी ने देश को सड़कों के माध्यम से जोड़ने का सपना देखा था। आज उस सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे गांव-गांव तक विकास की राह मजबूत हुई है।

राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने अटल जी की वैश्विक कूटनीति, संवाद कौशल और शांति प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और विश्वास दिलाया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी ने ग्रामीण विकास के प्रति अटल जी के दृष्टिकोण को अतुलनीय बताया। महापौर विनोद अग्रवाल ने अटल जी के मथुरा से गहरे जुड़ाव से जुड़े संस्मरण साझा कर उपस्थित जनों को भावुक कर दिया।

गोष्ठी में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने अटल जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.