Friday, January 30, 2026

Badayun News : छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय जंबूरी के लिए बदायूं से सात स्काउट रवाना

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 7, 2026

Badayun News : छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय जंबूरी के लिए बदायूं से सात स्काउट रवाना

जागरण टुडे,बदायूं

बदायूं जनपद से भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य के बालोद जिले के दूधली गांव में आयोजित होने जा रही प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 के लिए जिले के सात स्काउट दल के रूप में रवाना हुए। इस दल का नेतृत्व पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा कर रहे हैं। यह जंबूरी 09 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।

स्काउट दल को जिला मुख्यायुक्त एवं प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं का अदम्य साहस, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य कर रहा है।

पूर्व जिला मुख्यायुक्त डॉ. वीरपाल सिंह सोलंकी ने प्रतिभागी स्काउटों को जंबूरी के लिए ट्रैकसूट एवं किट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में देशभक्ति, सेवा और त्याग की भावना विकसित करती है। बदायूं जिले के स्काउट राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता कर जिले का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।

कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सक्सेना ने कहा कि भारत स्काउट गाइड संस्था सदैव आपदा के समय—चाहे वह बाढ़ हो, भूकंप हो या अन्य प्राकृतिक आपदाएं—मानव सेवा के लिए अग्रिम पंक्ति में रहती है।

जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने स्काउटों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए समय का सदुपयोग अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि इस राष्ट्रीय जंबूरी का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्र सेवा एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। जंबूरी में देशभर से लगभग 18,000 स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर तथा कई देशों के स्काउट यूनिट लीडर भाग ले रहे हैं। बदायूं जिले से रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, जीवन गोला, सौरभ गौतम, हिमांशु, अरुण कुमार और मुजम्मिल सैफी प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम में स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य, निखिल चौहान एवं नेत्रपाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.