पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराई मांग
बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी विभाग की सचल दल प्रणाली को पूरी तरह समाप्त करने की मांग फिर उठाई है। प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने ऑनलाइन बैठक में इस प्रणाली को व्यापारियों के उत्पीड़न का प्रमुख कारण बताया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने लखनऊ स्थित जीएसटी विभाग के अपर आयुक्त धनंजय शुक्ला से फोन पर वार्ता कर इस मांग को दोहराया है। उन्होंने कहा कि सचल दल के अधिकारी अक्सर केवल राजस्व लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य से व्यापारियों की गाड़ियों को रोककर भारी टैक्स और पेनाल्टी थोपते हैं। इससे व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2025 में लखनऊ में मंडल की ओर से अपर आयुक्त को दिए गए ज्ञापन के सकारात्मक परिणाम जल्द देखने को मिल सकते हैं।
युवा प्रदेश अध्यक्ष सुनील खत्री ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापार मंडल ने व्यापारी हितों से जुड़ी कई मांगों को मजबूती से उठाया है। आगे भी संगठन व्यापारियों के हक की लड़ाई जारी रखेगा।