ब्रजभूमि के प्रमुख संतों ने किया दिनेश फलाहारी महाराज का समर्थन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत के ब्रजभूमि वृंदावन प्रवास के दौरान हिंदू राष्ट्र की मांग तेज होती जा रही है। इसी दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर ईदगाह केस में मुख्य हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी महाराज ने शुक्रवार को अपने खून से पत्र लिखकर संघ प्रमुख से 125 करोड़ हिंदुओं की भावनाओं को देखते हुए भारतवर्ष को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग की।
दिनेश फलाहारी महाराज ने पत्र के माध्यम से कहा है कि जिस देश में मुसलमानों की संख्या लगातार बढ़ती है, वहां अस्थिरता, हिंसा, लोकतंत्र दमन बढ़ रहा है, और इस्लामिक देश होने की प्रबल संभावना हो जाती है। यह कई देशों में हो भी चुका है। सनातनी हिंदुओं का एकमात्र देश भारत हिंदू राष्ट्र बने यह सभी हिंदू समुदाय की इच्छा है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू राष्ट्र अब नहीं बनाया गया तो 20 वर्ष बाद भारत में मुस्लिम प्रधानमंत्री हो सकता है, जो बहुत ही खतरनाक होगा और तब हिंदू अल्पसंख्यक हो जाएंगे। आज देश में मुसलमानों की बढ़ती जन संख्या चिंता का विषय है।
जनसंख्या नियंत्रण कानून, गौ हत्या बंद कानून, मठ मंदिरों का संरक्षण, हिंदू राष्ट्र बनने से प्रभावी हो जाएंगे, तब जाकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अखंड भारत सहित विश्व गुरु का सपना साकार होगा। महामंडलेश्वर रामदास महाराज, महा मंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज, कुंज बिहारी पीठाधीश्वर इंदुलेखा, मधुसूदन दास महाराज, अतुल कृष्ण दास महाराज, अनमोल दास महाराज ने फलाहारी महाराज के पत्र का समर्थन किया है।