सोमवार को संभाग ब्रजमंडल के रोहिलखंड अंचल अंतर्गत संच बल्लिया के विद्यालय ग्राम भिटौली नगला में एकल सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद जयंती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और ग्रामवासियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संच बल्लिया के संच अध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव ने की, जबकि मुख्य अतिथि अध्यक्ष शत्रुघ्नेंद्र रहे। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति मानते हुए चरित्र निर्माण और समाज सेवा पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अंचल अध्यक्ष हरेंद्र प्रताप सिंह एवं अंचल उपाध्यक्ष मुनेंद्र गिरी ने बच्चों और ग्राम समिति को स्वामी विवेकानंद के विचारों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का होना भी आवश्यक है और स्वामी विवेकानंद का जीवन इस बात का जीवंत उदाहरण है। वक्ताओं ने बच्चों से उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनके माध्यम से स्वामी विवेकानंद के विचारों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही ग्रामवासियों और बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और साफ-सफाई अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ किया गया। इस दौरान अंचल अभियान प्रमुख अनुज कुमार, अंचल ग्राम संगठन के उपाध्यक्ष प्रवेंद्र गंगवार, संच बल्लिया के संच सचिव राजकुमार वर्मा, ग्राम प्रमुख एवरन सिंह, आचार्य पूजा, ग्रामवासी एवं विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।