Saturday, January 31, 2026

Bareilly News : मनकरी गांव में आवारा कुत्ते का आतंक, पांच लोग घायल; 5 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 16, 2026

Bareilly News : मनकरी गांव में आवारा कुत्ते का आतंक, पांच लोग घायल; 5 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर

ओमकार गंगवार, मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र के विकास खंड  फतेहगंज पश्चिमी के गांव मनकरी में आवारा कुत्ते के हमले से गांव में दहशत का माहौल है। मंदिर पर आयोजित खिचड़ी भोज कार्यक्रम के दौरान अचानक आए एक आवारा (कथित पागल) कुत्ते ने तीन बच्चों सहित पांच लोगों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।

भारतीय किसान यूनियन (मीरगंज तहसील) के अध्यक्ष सुधीर बालियां ने बताया कि मंदिर में खिचड़ी भोज का कार्यक्रम चल रहा था, तभी कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में 5 वर्षीय लक्ष्मी पुत्री नन्हें लाल के चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। बच्ची को पहले फतेहगंज पश्चिमी के खिरका स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।

भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल अध्यक्ष चौधरी अरुण सिंह राठी एवं ग्राम प्रधान ने बताया कि हमले में 5 वर्षीय लक्ष्मी, 8 वर्षीय प्रज्ञा पुत्री हरिद्वारी, 3 वर्षीय अभि, 35 वर्षीय कपिल पुत्र जयवीर और 60 वर्षीय भोले राम घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

चौधरी अरुण सिंह राठी ने गांव में आवारा कुत्तों और आवारा पशुओं (सांड) की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं और ग्रामीण रात में फसल की रखवाली करने से डरते हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा जानवरों को पकड़वाकर सुरक्षित स्थानों पर छोड़े जाने की मांग की है।

वहीं, मीरगंज एसडीएम एवं सचिव हर्ष चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मनकरी गांव में आवारा कुत्ते द्वारा कई लोगों को काटे जाने की सूचना मिली है। संबंधित विभाग को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवारा जानवरों की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.