Friday, January 30, 2026

Badaun News : विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की डीएम ने समीक्षा

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 23, 2026

Badaun News : विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की डीएम ने समीक्षा

जागरण टुडे,बदायूं

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने शुक्रवार को विकासखंड म्याऊं एवं जगत सहित अन्य ब्लॉकों का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान सूची से जुड़े कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे और जिनके नाम किसी कारणवश छूट गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए। साथ ही नए मतदाताओं के पहचान पत्र समय से बनाए जाने पर भी जोर दिया।

डीएम अवनीश राय ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर सत्यापन सुनिश्चित करें और प्राप्त आवेदनों का निस्तारण तय समयसीमा में करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण केंद्रों, अभिलेखों एवं ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी माध्यमों का सही उपयोग करते हुए कार्य में गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित की जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है। इससे न केवल निष्पक्ष चुनाव संभव होते हैं, बल्कि आमजन का लोकतंत्र पर विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित तहसील एवं विकासखंड के अधिकारी, निर्वाचन से जुड़े कर्मचारी तथा अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.