Thursday, April 2, 2026

माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप... दुनिया भर में मचा हाहाकार, बैंक और एयरलाइंस सेवाएं प्रभावित

लेखक: Jagran Today | Category: अंतरराष्ट्रीय | Published: July 19, 2024

 माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप... दुनिया भर में मचा हाहाकार, बैंक और एयरलाइंस सेवाएं प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में गड़बड़ी आने से दुनिया भर में कंप्यूटर और लैपटॉप बंद पड़ गए, इससे बैंक और एयरलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। कंप्यूटर पर ब्लू स्क्रीन आ रही है। माइक्रोसॉफ्ट इस दिक्कत को जल्द से जल्द दूर करने का दावा कर रही है। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा कि वह 365 ऐप और सेवाओं को प्रभावित करने वाली समस्या को ठीक करने पर काम कर रही है। हालांकि घंटों बाद भी दुनिया भर में समस्याएं बढ़ने की खबरें आ रही हैं। 
इंटरनेट रुकावटों पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट के मुताबिक वीजा, एडीटी सिक्योरिटी, अमेजन, अमेरिकन एयरलाइंस और डेल्टा समेत विभिन्न एयरलाइनों में सेवाओं में व्यवधान बढ़ा है। ऑस्ट्रेलिया में एयरलाइंस, दूरसंचार प्रदाता और बैंक व मीडिया सेवाएं बाधित हो गई हैं। न्यूजीलैंड के कुछ बैंकों ने कहा कि वे भी ऑफलाइन हैं। माइक्रोसॉफ्ट 365 ने एक्स पोस्ट किया कि कंपनी प्रभावित ट्रैफिक को ठीक करने पर काम कर रही है ताकि जल्द से जल्द समस्या का हल निकाला जा सके। उन्हें अपने प्रयासों सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। जल्द से जल्द समस्या हल कर ली जाएगी। 
CrowdStrike को माना जा रहा वजह
इस आउटेज के पीछे CrowdStrike को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। एक्स पर हैशटैग CrowdStrike ट्रेंड कर रहा है। CrowdStrike एक अमेरिकी साइबर सिक्योरिटी फर्म है जो माइक्रोसॉफ्ट के साथ काम करती है। इसका प्रमुख काम कंपनियों को हैकर्स, साइबर अटैक, रैंसमवेयर और डेटा लीक से बचाना है. यही वजह है कि इस कंपनी के प्रमुख कस्टमर दुनियाभर के बड़े बैंक, विश्वविद्यालय और सरकारी एजेंसियां हैं। यह उपयोगकर्ता को रियल टाइम साइबर अटैक की जानकारी देता है। हजारों कंपनियां इसकी सेवाएं ले रही हैं। बतातें है कि कुछ दिन पहले क्राउडस्ट्राइक ने अपने फालकॉन प्रोडक्ट के लिए एक अपडेट जारी किया था। बताते हैं कि इसी अपडेट की वजह से यह गड़बड़ी आई है।
भारत में भी एयरलाइंस कंपनियों की सेवाएं प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट में आई खराबी का असर भारत में भी एयरलाइंस कंपनियाें पर पड़ा है। कंपनियों की ऑनलाइन बुकिंग सेवा, चेक-इन और बुकिंग मैनेजमेंट सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। कई कंपनियां हवाई अड्डों पर मैनुअल चेक-इन और बोर्डिंग पास उपलब्ध करा रही हैं। कंपनियों ने तत्काल यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों से चेक इन करने के लिए जल्दी एयरपोर्ट पर पहुंचने का अनुरोध किया है ताकि यात्रियों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
हैदराबाद एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी, 23 उड़ाने रद
हैदराबाद में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई खराबी के मद्देनजर एडवाइजरी जारी की, इसमें कहा गया है कि कुछ विमानन कंपनियों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस खामी की वजह से 23 उड़ानों को रद करना पड़ा हैं, इनमें 12 हैदराबाद से उड़ान भरने वाली थीं, जबकि 11 का हैदराबाद आने वाली थीं। उन्होंने बताया कि इनमें इंडिगो की विशाखापट्नम, तिरुपति, अहमदाबाद और बेंगलुरु जाने वाली उड़ाने भी शामिल हैं। 


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.