नई दिल्ली। बांग्लादेश के मौजूदा हालात को लेकर मंगलवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सर्वदलीय बैठक की, इसमें उन्होंने बांग्लादेश की स्थिति के बारे में जानकारी दी और सभी दलों के समर्थन के लिए उनकी सराहना की। एक्स पर एक पोस्ट में जयशंकर ने संसद भवन में हुई बैठक की तस्वीरें भी साझा कीं। विदेश मंत्री ने लिखा कि संसद में सर्वदलीय बैठक में बांग्लादेश के हालिया घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जताए गए सर्वसम्मत समर्थन और तालमेल के लिए वह सभी दलों की सराहना करते हैं। बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना के अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने से वहां अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। शेख हसीना सोमवार रात बांग्लादेशी वायुसेना के विमान से भारत पहुंचीं। बताया जा रहा है कि उनकी लंदन जाने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इस मुद्दे पर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
बांग्लादेश के मुद्दे पर सरकार को मिला सभी दलों का समर्थन
लेखक: Jagran Today | Category: अंतरराष्ट्रीय | Published: August 6, 2024