योगी सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह का ड्राइवर राजवीर सिंह बाराबंकी के रसौली का रहने वाला था। राजवीर सिंह बरेली के सिविल लाइंस में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में ठहरा था। बताते हैं कि शनिवार देर रात उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
माना जा रहा है कि किसी से बात करते समय उसने फंदा लगाकर जान दी है। हालांकि मोबाइल का लॉक न खुल पाने की वजह से यह पता नहीं चल पाया है कि वह किससे बात कर रहा था। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा रही है।
कॉल रिसीव नहीं हुई तो कमरे पर पहुंचा था गनर
रविवार सुबह कई कॉल करने के बाद भी राजवीर ने रिसीव नहीं की तो गनर उसके कमरे पर पहुंचा। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में फंदे से राजवीर का शव लटका मिला। उसके कान में ईयरफोन लगा था। मोबाइल जेब में पड़ा था। पुलिस ने शव फंदे से निचे उतारा।
कोतवाली प्रभारी दिनेश शर्मा के अनुसार राजवीर सिंह बाराबंकी के रसौली के रहने वाले थे। वह कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की गाड़ी चलाते थे। राजवीर सिंह पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। उनके मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है ताकि यह पता किया जा सके वह किससे बात कर रहे थे।