कासगंज के पटियाली इलाके में दो पुलियां एक साल से टूटी पड़ी हैं लेकिन कोई भी अफसर उनकी सुध लेने वाला नहीं है। बुधवार को इनके निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भारत) ने जल सत्याग्रह किया। नगला जयकिशन की टूटी पुलिया पर कार्यकर्ताओं ने पानी में खड़े होकर निर्माण कराने की मांग की और ज्ञापन तहसीलदार जितेंद्र कुमार को सौंपा।
यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल हफीज गांधी ने बताया कि गांव ओम नगरिया से रामताल और सनौडी से नगला जयकिशन तक सड़क पर बनी पुलिया पिछले साल सैलाब में कट गई थी। इसके बाद से इनका निर्माण नहीं कराया गया। इस वजह से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है लेकिन प्रशासन कई बार मांग करने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। सैकड़ों गांव के लोग परेशान हैं। ग्रामीण खेतों से अस्थायी रास्ता बनाकर आवागमन कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग को इस समस्या का जल्द निस्तारण कराना चाहिए ताकि ग्रामीणों की परेशानी कम हो सके।
इस दौरान प्रदेश महासचिव डॉ. अवनीश यादव, प्रदेश अध्यक्ष शादाब शेख, सुनील यादव, अबू तालिब, संगठन मंत्री रजनीश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष भारत, जिला अध्यक्ष कासगंज हरीश चंद, लाल मियां, प्रदेश महासचिव युवा अजीत सिंह, रामधुन, डॉ. उर्वेश यादव, सलमान खान, सतवीर, बृजपाल, मुनेश सिंह, राजेश, श्यामवीर, वीरेंद्र, जनवेश, पप्पू, राकेश, महावीर सिंह, रब्बे खान आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।