लखीमपर खीरी, जागरण टुडे संवाददाता
लखीमपुर खीरी जिले के ब्लॉक कुम्भी की ग्राम पंचायत छितौनियां की प्रधान रिंकी वर्मा की शिकायत पर एंटीकरप्शन टीम ने शनिवार 22 मार्च को मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई है।
लखनऊ से आई एंटी करप्शन की टीम ने की कार्रवाई
छितौनियां की ग्राम प्रधान रिंकी वर्मा ने अपनी पंचायत में मनरेगा के तहत होने वाले विकास कार्यां के लिए अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मधुर गुप्ता से धन की मांग की थी। ग्राम प्रधान का कहना है कि कार्यक्रम अधिकारी ने इसके लिए उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। घूस न दे पाने पर वह काफी दिनों से टरका रहे थे। इससे परेशान होकर प्रधान के प्रतिनिधि विपिन वर्मा ने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मधुर गुप्ता की शिकायत एंटी करप्शन कार्यालय में कर दी।
टीम आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई
तय योजना के तहत शनिवार को लखनऊ से आई एंटी करप्शन की टीम ने ब्लॉक कार्यालय पहुंच कर एपीओ मधुर गुप्ता को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम उन्हें पूछताछ के लिए लखनऊ ले गई है। आरोपी मधुर गुप्ता मूलरूप से मोहम्मदी के रहने वाले हैं। वह मोहम्मदी के पसगवां ब्लॉक में भी तैनात रह चुके हैं। बेहजम से ट्रांसफर होकर कुंभी ब्लॉक में कई वर्षों से तैनात थे।
प्रधान प्रतिनिधि विपिन वर्मा का कहना है कि गोला ब्लॉक में तैनात भ्रष्ट अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मधुर गुप्ता गांव के कार्यों को लेकर काफी समय से परेशान कर रहे थे, जिसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी।