Thursday, April 2, 2026

Bareilly News: 36 साल बाद पूर्वोत्तर रेलवे के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने रचा नया इतिहास

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 29, 2025

Bareilly News: 36 साल बाद पूर्वोत्तर रेलवे के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने रचा नया इतिहास

जागरण टुडे, बरेली

साउथ सेंट्रल रेलवे, सिकंदराबाद में 20 से 24 अगस्त तक आयोजित 72वीं अखिल भारतीय रेलवे बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पूर्वोत्तर रेलवे ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। पहली बार हिस्सा ले रही महिला टीम ने सिल्वर मेडल, जबकि पुरुष टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रेलवे खेल जगत में परचम लहराया।

महिला टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कड़े मुकाबले में भले ही टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन द्वितीय स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, पुरुष टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और तीसरे स्थान के लिए हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में दक्षिण पश्चिम रेलवे को 3-1 से शिकस्त देकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें: "बरेली की सेहत बिगड़ी: प्रदेश में सबसे फिसड्डी निकला जिला"

यह उपलब्धि पूर्वोत्तर रेलवे के लिए ऐतिहासिक है। वर्ष 1980 से 1987 तक लगातार आठ बार राष्ट्रीय चैम्पियन रहे सैयद मोदी के बाद पहली बार रेलवे की टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया। वर्ष 1989 में सैयद मोदी की अगुवाई में टीम को दूसरा स्थान मिला था। करीब 36 साल बाद पुरुष टीम ने फिर से पदक जीतकर इतिहास को दोहराया है। व्यक्तिगत प्रतियोगिता में भी शानदार सफलता मिली। पुरुष वर्ग की 50 वर्ष आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में संजीत प्रधान ने गोल्ड मेडल जीतकर रेलवे का गौरव बढ़ाया।

यह भी पढ़ें: यू-ट्यूबर साक्षी मिश्रा पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

टीम में पुरुष वर्ग से मंजय यादव, आयुष राज गुप्ता, राहुल कुमार शाह, प्रणव शर्मा, चंद्र भूषण त्रिपाठी और देवेंद्र बहादुर थापा शामिल रहे। महिला वर्ग में शिवांगी सिंह, तनीषा सिंह और साक्षी गहलोत ने प्रतिनिधित्व किया। इज्जतनगर मंडल से स्टोर विभाग के देवेंद्र बहादुर थापा और पर्सनल विभाग के प्रणव शर्मा ने हिस्सा लिया। टीम के कोच दिग्विजय यादव रहे।

यह भी पढ़ें: त्रिशूल हवाई अड्डे के 100 मीटर दायरे में नो कंस्ट्रक्शन जोन घोषित

पदक जीतने पर मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. रत्नेश कुमार सिंह सहित सभी अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.