Tuesday, March 31, 2026

Bareilly: अव्यवस्थाओं पर कंपोजिट विद्यालय जसोली की प्रधानाध्यापक निलंबित, प्राथमिक स्कूल इंचार्ज को नोटिस

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 30, 2025

Bareilly: अव्यवस्थाओं पर कंपोजिट विद्यालय जसोली की प्रधानाध्यापक निलंबित, प्राथमिक स्कूल इंचार्ज को नोटिस

जागरण टुडे, बरेली

शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही और अव्यवस्थाओं पर बरेली के बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जसोली की प्रधानाध्यापक पूनम गंगवार को शनिवार को बीएसए संजय सिंह ने निलंबित कर दिया

बीएसए संजय सिंह के निरीक्षण में विद्यालय की स्थिति बेहद खराब पाई गई। विद्यालय में कई कक्ष बंद मिले, कक्षाओं में गंदगी फैली थी और छात्र विद्यालय के बाहर घूमते मिले। इसके साथ ही विद्यालय की घटती छात्र संख्या और कंपोजिट ग्रांट के दुरुपयोग की भी शिकायतें मिलीं। इन सभी गंभीर खामियों के आधार पर प्रधानाध्यापक पूनम गंगवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय रोठा में अटैच कर दिया गया है।

इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां प्रभारी शिक्षक आमिर अली की अनुशासनहीनता सामने आई। इस पर बीएसए ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्यालयों में व्यवस्था सुधारने के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों और प्रधानाध्यापकों को भी चेतावनी का स्पष्ट संदेश गया है कि यदि विद्यालयों में अव्यवस्था और लापरवाही पाई गई, तो कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.