पीड़िता महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 20 दिन पहले रात के समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था और वह अकेली ही घर में थी। तभी गांव का ही एक युवक अवैध तमंचा लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने उसकी कनपटी पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी और अश्लील हरकतें कीं। महिला ने आरोप लगाया कि युवक अक्सर उसे परेशान करता है और दबाव डालता है कि वह उससे मिलती रहे, वरना उसके बच्चों और परिवार को भी जान से मार देगा। पीड़िता ने कहा कि आरोपी की हरकतों से उसका जीना मुश्किल हो गया है और वह लगातार सदमे में है।
घटना की जानकारी होने पर महिला ने साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मीरगंज कोतवाली प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम जांच पड़ताल कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि आरोपी को जल्द ही हिरासत में लेकर जेल भेजा जाएगा।
गांव में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से दबंगई कर रहा है, जिससे महिलाएं और परिवारजन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।