जागरण टुडे, पीलीभीत। भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने शनिवार को जनपद पीलीभीत के कई गांवों का दौरा कर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज भी साथ रहे। इन दोनों नेताओं ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बिथरा गांव में उन्होंने भाजपा नेता अलंकार शर्मा के ताऊजी के निधन पर शोक प्रकट किया। यहां स्वामी प्रवक्तानंद महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह सोनू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, रेखा परिहार, राजू लोधी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद जनकपुरी गांव पहुंचकर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने तालाब में डूबकर दिवंगत हुए चंद्रप्रकाश लोधी के पुत्र अनुज लोधी के परिवार से भेंट की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। वहीं विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल भी उपस्थित रहे।
धनकुना गांव में भाजपा मंडल मंत्री सतविंदर सिंह की पत्नी राजवीर कौर के निधन पर भी उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। इसी क्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष बिथरा निवासी हेतराम शर्मा के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पार्टी और संगठन हर स्थिति में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।