वृंदावन। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से अब शहर के अंदरूनी हिस्से भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रविवार को राधाबाग स्थित सिद्धपीठ कात्यायनी मंदिर परिसर में 2 से 4 फीट तक पानी भर गया। इसके साथ ही मोक्षधाम चारों ओर से पानी से घिर गया है और परिक्रमा मार्ग का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा बाढ़ की जद में आ चुका है।
बांकेबिहारी मंदिर के समीप दाऊजी मंदिर तिराहा तक पानी पहुंचने से दुकानदारों को दुकानें बंद करनी पड़ीं। श्रद्धालुओं को भी बढ़ते जलस्तर के बीच होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
हथिनी कुंड बैराज और ताजेवाला बांध से छोड़े जा रहे पानी के चलते यमुना नदी उफान पर है। निचले इलाकों के घरों में पानी भरने से लोग बेहाल हैं और पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है, क्योंकि अधिकांश नलकूप यमुना किनारे स्थित हैं। नगर निगम ने राहत के लिए टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराने की कोशिशें तेज कर दी हैं।