जनदपर शाहजहांपुर के निगोही ब्लॉक के रामनगर गांव में सोमवार सुबह लगभग 11 बजे हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। निगोही इलाके में घर में चल रहे फर्राटा पंखे में उतरा करंट लगने पर पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।
करीब 60 वर्षीय रामौतार निगोही ब्लॉक के रामनगर गांव के रहने वाले थे। सोमवार सुबह वह अपने घर में चल रहा फर्राटा पंखा उठाकर रख रहे थे। इसी दौरान पंखे में अचानक करंट उतर आया, जिससे वह उसमें बुरी तरह चिपक गए। रामौतार की चीख सुनकर उनकी 16 वर्षीय बेटी किरन बचाने दौड़ी। पिता को बचाने के प्रयास में करन भी तार में उलझ गई, जिससे पंखा दोनों के ऊपर गिर गया। तभी तेज करंट लगने से दोनों बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद नहीं थे।परिजन घर लौटे तो पिता और पुत्री के शव पड़े मिले। सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिवार में मातम का माहौल है। रामौतार की पत्नी की एक साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। रामऔतार और उनकी छोटी बेटी किरन जान चली गई। परिवार में दो बेटे अवधेश और अमरजीत एवं एक बेटी सरोजनी हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने इस घटना को हृदय विदारक बताते हुए बिजली विभाग से आक्रोश भी जताया।
इस दुखद हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि घरों में करंट से जुड़े हादसे लगातार बढ़ रहे हैं और बिजली व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों को और सतर्क होना चाहिए।