इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बहाने महिला से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों को आंवला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
9 सितंबर को मनौना धाम घूमने गई थी महिला
पीड़ित महिला बदायूं निवासी है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी इंस्टाग्राम पर शानू पुत्र अतीक अहमद, निवासी मनौना, थाना आंवला (बरेली) से दोस्ती हुई थी। उसने खुद को शनि नाम बताकर कहा कि वह उसी की बिरादरी का है। 9 सितंबर 2025 को महिला मनौना धाम घूमने गई थी। जहां शानू अपने साथी आरिफ पुत्र शब्बीर, निवासी मनौना के साथ वैगनआर कार से पहुंचा। दोनों ने उसे कार में बैठाकर बिसौली रोड ले जाकर दुष्कर्म किया।
एसपी साउथ और सीओ आंवला ने किया था मौका मुआयना
महिला की तहरीर पर थाना आंवला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी साउथ अंशिका वर्मा, सीओ आंवला और थाना प्रभारी ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
पुलिस मुठभेड़ के दौरान कार समेत पकड़े गए आरोपी
थाना आंवला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार सहित रेवती मोड़ से फरार होने की फिराक में हैं। पुलिस वहां पहुंची तो शानू और आरिफ ने जान से मारने की नियत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शानू के दोनों पैरों और आरिफ के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।