विकास श्रीवास्तव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत बदायूं में भी जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण के भाव के साथ की गई। इस उपलक्ष्य में जिले में विशेष स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
डायट ऑडिटोरियम परिसर के निकट भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, प्रभारी मंत्री गुलाब देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, और डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना ने भाग लेकर स्वच्छ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया।
इसी क्रम में अवंतीबाई लोधी चैरिटेबल शिक्षण संस्थान बदायूं में भाजपा युवा मोर्चा के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन बीएल वर्मा, गुलाब देवी, राजीव कुमार गुप्ता और महेश चंद्र गुप्ता ने किया। इस रक्तदान शिविर में 125 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर अनोखा उपहार दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत का सपना मोदी सरकार में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।
प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा का संस्कार है, जिसे पार्टी समाज तक पहुंचाना चाहती है।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन हम सेवा के रूप में मना रहे हैं, यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेता हैं और हम उनका जन्मदिन समाज सेवा कर मना रहे हैं, यह गर्व का क्षण है।
इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समाजसेवी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सेवा पखवाड़ा की शुरुआत को प्रेरणादायक बताया।