डीआईजी अजय कुमार साहनी ने स्थानांतरित होकर आए इंस्पेक्टर, दरोगा और मुख्य आरक्षी शनिवार को बरेली रेंज के चारों जिले में तैनात कर दिए। इनमें 10 इंस्पेक्टर, 72 दरोगा और 185 मुख्य आरक्षी शामिल हैं, जिन्हें रिक्त पदों के हिसाब से बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपदों में भेजा है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि जनपद बरेली में 6 निरीक्षक, 32 उपनिरीक्षक और 78 मुख्य आरक्षी तैनात किए गए हैं। इससे न केवल थानों की व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि शहर और देहात में गश्त भी मजबूत होगी। शाहजहांपुर में एक निरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक और 54 मुख्य आरक्षियों को भेजा गया है। पीलीभीत में दो निरीक्षक, नौ उपनिरीक्षक और 38 मुख्य आरक्षी भेजे गए हैं। बदायूं को सबसे कम पुलिस कर्मी मिलें है। यहां एक निरीक्षक, छह उपनिरीक्षक और 15 मुख्य आरक्षियों की तैनाती की गई है।
सोमवार से नवरात्रि शुरू हैं। इसके बाद दशहरा और फिर दीपावली होगी। त्योहारों और चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस कर्मियों की तैनाती में फेरबदल अहम माना जा रहा है। डीआईजी ने कहा कि यह तैनाती जिलेवार रिक्तियों और जरूरत के हिसाब से की गई है। आगामी दिनों में भी जहां कमी होगी, वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी।