जागरण टुडे, बरेली,
जनपद बरेली के फरीदपुर विकास क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय अग्रसैन में तैनात शिक्षामित्र पूनम सक्सेना को गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के चलते सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने 23 सितम्बर 2025 को आदेश जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया।
बीएसए कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 1 सितम्बर को एबीएसए फरीदपुर ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी, जाम नालियां, गंदे शौचालय, पानी भरे होने की स्थिति और मकड़ी के जाले पाए गए। साफ-सफाई की दुर्दशा के साथ ही शिक्षण कार्य भी बाधित मिला।
निरीक्षण रिपोर्ट 26 अगस्त को उप शिक्षा अधिकारी फरीदपुर द्वारा भेजी गई थी, जिसके आधार पर शिक्षामित्र को नोटिस जारी किया गया था। बावजूद इसके स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बार-बार लापरवाही सामने आने और विद्यालय समय से न खुलने पर कड़ी कार्रवाई की गई।
आदेश में बीएसए ने लिखा कि पूनम सक्सेना को कई बार चेतावनी दी गई थी, परंतु उन्होंने जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं किया। उनके आचरण से विद्यालय की छवि धूमिल हुई है, जो वित्तीय अनुशासन के विरुद्ध है। ऐसे में नियमावली के तहत उन्हें सेवा से मुक्त किया जाता है।
साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालय से संबंधित नियुक्ति दस्तावेज एवं अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं तथा जांच पूरी कर 15 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।