जालसाजों ने लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट एंग्लिया में प्रवेश दिलाने के नाम पर एक युवक से 14 लाख रुपये ठग लिए। युवक ने जब रुपये लौटाने को कहा तो जान से मारने की धमकी दी गई। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जनपद बदायूं के थाना बिसौली के गांव लक्ष्मीपुर निवासी सत्यप्रकाश ने बताया कि वह वर्तमान में बारादरी क्षेत्र के स्टेडियम रोड पर रह रहे हैं। उसकी मुलाकात रमनीत, जसप्रीत और दविंदर कौर से हुई। आरोप है कि तीनों ने बताया कि उनकी एड्यूलाइफ काउंसलिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड फर्म है।
उन्होंने लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट एंग्लिया में प्रवेश दिलाने के नाम पर 27 सितंबर 2022 को 32 हजार और 21 अक्टूबर 2022 को 15 हजार, 2 दिसंबर को 76 हजार, 15 दिसंबर को 80 हजार, 22 अगस्त 2023 को 1 लाख 74 हजार ले लिए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने 2022 से लेकर फरवरी 2024 के बीच करीब 12.74 लाख रुपये ऑनलाइन और 1.85 लाख रुपये नकद दिए।
रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उन्हें फर्जी ऑफर लेटर और कागजात थमा दिए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसी दौरान उसके नाम पर एचडीएफसी और एक्सिस बैंक में खाते खुलवाए और उसके ब्लैंक चेक पर साइन कराकर रख लिए, जिन्हें अब गलत तरीके से इस्तेमाल करने की धमकी दी जा रही है। जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। एसएसपी के आदेश पर डीडीपुरम निवासी रमनीत सिंह, जसप्रीत सिंह और उनकी नानी दविंदर कौर के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।