बरेली शहर में 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद जमकर बवाल हुआ था। आरोप है कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर जमा हुई भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दंगा भड़काने की कोशिश की गई थी। बवाल के बाद कोतवाली, बारादरी, प्रेमनगर, किला और कैंट थाने में 10 मुकदमें दर्ज किए गए थे। पहले मौलाना तौकीर सात मुकदमों में नामजद थे। उन्हें एक मुकदमे में गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। अब बाकी मुकदमों में भी तौकीर रजा का नाम शामिल किया गया है।
मौलाना तौकीर रजा के बुलाने पर 26 सितंबर को नमाज के बाद आई लव मोहम्मद पोस्टर को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया आौर फायरिंग की। दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस के अनुसार उपद्रवियों की योजना पूरे शहर को दंगे की आग में झोंकने की थी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में किया। फायरिंग में 22 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। दंगा कराने के लिए गैर जनपद से गैंगस्टर तक बुलाए गए थे। साथ ही पश्चिम बंगाल और बिहार से लोगों को बुलाया गया था। एसपी सिटी मानुष पारीक के गनर का एंटी रायट गन छीनते हुए पुलिस की वायरलेस भी उपद्रवियों ने लूट लिया था।
बवाल शांत होने के बाद कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, किला, प्रेमनगर और कैंट में एक-एक मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें सात मुकदमों में तौकीर को नामजद किया गया था। बाकी तीन मुकदमों में साजिशकर्ता के रुप में तौकीर रजा का नाम शामिल किया गया है। उधर, पुलिस फरार उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही हैं। थाना पुलिस के साथ ही एसओजी समेत अन्य टीमें लगाई गई हैं।
मीरगंज में एंटी रायट गन बेचने का हो गया था सौदा
पुलिस के मुताबिक बवाल में शामिल रहे गिरफ्तार दो गैंगस्टरों ने बताया था कि बवाल वाले दिन दोनों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक के गनर का एंटी रायट गन लूट लिया था। इसके बाद वे सीधा नदीम खां से मिले और उसके बाद जनपद से फरार हो गए। बवाल के दौरान गन लूटते समय सिपाही ने विरोध किया तो दोनों ने तमंचा से फायर भी किया। लूटी हुई एंटी रायट गन को दोनों ने बेचने के लिए मीरगंज में किसी से सौदा किया था। मगर बिना गन देखे रेट फाइनल न होने के कारण उसे लेकर बेचने जा रहा था। वह अपने मकसद में कामयाब होते कि पुलिस ने पहले ही उन्हें मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लूटी हुई गन बरामद कर लिया।