उत्तर प्रदेश सरकार की महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत प्रदेश भर में विविध कार्यक्रमों की श्रंखला निरंतर जारी है। इसी क्रम में जनपद बरेली के प्रतिष्ठित राजेंद्र प्रसाद डिग्री (पीजी) कॉलेज (महाविद्यालय) मीरगंज में 22 सितम्बर से महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए कई रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ वाद-विवाद, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं से हुआ, जिनमें छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं की भूमिका, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे गंभीर विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने मिली।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता बी0एड0 एवं डीएलएड विभाग की छात्राओं प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसका निर्देशन विभाग की प्रधानाध्यापिका ने किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने महिला सुरक्षा और स्वावलम्बन की सामाजिक आवश्यकता को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एस0के0सिंह ने साइबर सुरक्षा पर छात्राओं को जागरूक किया, वहीं मिशन शक्ति की प्रभारी डा0 रेखा रानी बंसल ने महिला उत्पीड़न, बैड टच और गुड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से चर्चा की। यह सम्पूर्ण अभियान छात्राओं में आत्म विश्वास, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। संस्था द्वारा यह जानकारी दी गई कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम पूरे शैक्षणिक सत्र में निरंतर जारी रहेंगे।