जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) पर मिलने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समय पर निस्तारण कराने के मामले में बरेली परिक्षेत्र ने सितंबर में एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस पर डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि लोगों को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
डीआईजी अजय साहनी के मुताबिक माह सितंबर में हुई रैंकिंग में परिक्षेत्र के जनपदों का प्रदर्शन बेहतर रहा। पीलीभीत ने प्रथम, बरेली ने 56वां, शाहजहांपुर ने 52वां और बदायूं ने 25वां स्थान हासिल किया। रैंकिंग इस बात का प्रमाण है कि बरेली परिक्षेत्र के पुलिसकर्मी जनता की समस्याओं के निस्तारण में कितने तत्पर और सक्षम हैं।
जनपद बरेली के सुभाषनगर, फतेहगंज पश्चिमी, सीबीगंज, शाही, देवरनियां, भोजीपुरा, भमोरा, शीशगढ़, सिरौली और कैंट, पीलीभीत के हजारा, न्यूरिया, गजरौला, माधोंटांडा, बरखेड़ा, करेली, कोतवाली, अमरिया, सुनगढ़ी, सेहरामऊ उत्तरी, घुंघचाई, बीसलपुर, बिलसंडा, दियूरिया कलां, बदायूं के कुवरगांव, फैजगंजबेहटा, बजीरगंज, बिसौली, उसैहत, हजरतपुर, जरीफनगर, बिनावर, मुजरिया और शाहजहाँपुर के रामचंद्रमिशन, बण्डा, मिर्जापुर, सदर बाजार, खुदागंज थाने ने संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर बरेली रेंज कार्यालय में कार्यरत आईजीआरएस कर्मी दरोगा शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और सिपाही सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, जिन जनपदों या थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, उनके कार्यों की विशेष समीक्षा की जाएगी ताकि उनकी कार्यप्रणाली को बेहतर बनाया जा सके।