मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त कार्यालय के लघु सभागार में आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की 150वीं बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और नए प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के निर्णयों की समीक्षा से हुई। उपाध्यक्ष एम. अरून्मौली ने अवगत कराया कि इनर रिंग रोड द्वितीय चरण के टोल प्लाजा का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा। अटलपुरम योजना की आठ हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूर्ण हो गया है। वहीं, मेहताब बाग स्थित ग्यारह सीढ़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम न कराने वाली फर्म को अंतिम नोटिस जारी कर अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने आदेश दिए कि अब एडीए हर शुक्रवार स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम स्वयं आयोजित करे।
शास्त्रीपुरम हाइट्स परियोजना में अब तक 336 फ्लैटों का विक्रय हो चुका है। ताजनगरी फेस-2 में जर्जर भवनों को गिराने की प्रक्रिया तेज करने और पीडब्ल्यूडी से प्रमाणित कराने के निर्देश दिए गए। अटलपुरम योजना में कन्वेंशन सेंटर का निर्माण पीपीपी मोड पर कराने का भी निर्णय हुआ।
बैठक में तीन प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी गई —
1️⃣ इनर रिंग रोड के पास ग्राम रायपुर व रहनकला में लगभग 449 हेक्टेयर भूमि पर नई टाउनशिप की मास्टर लेआउट योजना स्वीकृत की गई। इसमें 10 टाउनशिप, 4353 आवासीय प्लॉट, साइकिल ट्रैक, पार्किंग, सीवरेज और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
2️⃣ एडीए प्रवर्तन वार्डों का पुनर्गठन करते हुए कुल 12 वार्ड बनाए गए।
3️⃣ वर्ष 2025–26 के लिए योजनाओं की दरें जिलाधिकारी सर्किल दरों के आधार पर तय की गईं।
बैठक के अंत में नागेंद्र दुबे गामा द्वारा उठाए गए अतिक्रमण और रोड इंजीनियरिंग सुधार के मुद्दों पर मंडलायुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, सचिव श्रद्धा शांडिल्यायन, एडीएम नगर यमुनाधर चौहान, तथा अन्य अधिकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।