जनपर बरेली के थाना बिथरी चैनपुर इलाके में रामलीला देखकर लौट रहे एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावर युवक को लहूलुहान हालत में फेंककर मौके से फरार हो गए। युवक के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जाती है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बिथरी चैनपुर इलाके के रजऊ परसपुर गांव निवासी रामकिशन यादव सीआरपीएफ के रिटायर जवान हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अभिषेक यादव शंकर प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार शाम अभिषेक यादव रामलीला देखने गया था। रात में वहां से अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में अचानक उसे कुछ लोगों ने घेर लिया और उसके सीने पर चाकू से कई वार किए। इससे अभिषेक लहूलुहस होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। उसे मृत जानकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद उधर से गुजरे किसी व्यक्ति ने युवक के घायल पड़े होने की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने घायल को तुरंत उठाकर अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिटायर फौजी रामकिशन यादव ने बताया कि 2024 में गांव के ही कुछ लोगों ने झूठे आरोपों के चलते उनके बेटे अभिषेक पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। इस कारण अभिषेक करीब छह महीने जेल में रहा था। उनका आरोप है कि जिसने उनके बेटे की हत्या की है इससे पहले वह अपनी पत्नी की हत्या कर चुका है।
एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता रामकिशन की तहरीर पर तीन आरोपियों सतीश, बुद्धपाल और सुंदरलाल के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि अभिषेक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद राजऊ परसपुर गांव में दहशत का माहौल है।