जनपद बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में कुत्तों ने दो पड़ोसियों के बीच खूनी जंग करा दी। निर्माणाधीन मकान के पास पड़ी रेत-बजरी कुत्तों ने फैला दी। इतनी सी बात पर पड़ोसियों ने हॉकी और धारदार हथियार से हमलाकर पति-पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के शिकायत के बावजूद कैंट पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। घटना के 21 दिन बाद एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगतपुर काली मंदिर निवासी ओमकार सिंह ने पुलिस को बताया कि नकटिया स्थित ग्रास मंडी, सैनिक कॉलोनी में उनके मकान का निर्माण चल रहा है। 27 सितंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी पत्नी आशा मौर्य के साथ निर्माण कार्य देखने पहुंचे । तभी पड़ोस में रहने वाली प्रमिला देवी उर्फ परवीना ने आकर शिकायत करने लगीं। बोलीं आपके यहां रखी रेत-बजरी कुत्तों ने फैला दी है, इसे तुरंत हटवा दो।
ओमकार सिंह ने कुछ देर में सफाई करवाने को कहा। आरोप है कि इतनी सी बात पर प्रमिला देवी गाली-गलौज करने लगीं। उनके विरोध करने पर झगड़ा करने लगीं। इसी बीच प्रमिला के बेटे आदर्श, सोम और शैलेंद्र चौधरी वहां पहुंच गए। उनके हाथों में हॉकी और लोहे का सब्बल था। तीनों ने मिलकर ओमकार और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह दंपति को बचाया। इसके बाद घायल दंपति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। ओमकार सिंह का आरोप है कि घटना की तहरीर देने के बावजूद कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर कैंट थाना पुलिस ने घटना के 21 दिन बाद आरोपी आदर्श, सोम, प्रमिला देवी उर्फ परवीना और शैलेंद्र चौधरी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घायल दंपति ने न्याय की उम्मीद में कहा कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो आरोपी खुलेआम घूमते न रहते। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।