जनपद बरेली के देवरनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम मामूली विवाद ने बड़ी वारदात का रूप ले लिया। गांव आगरा निवासी 60 वर्षीय जरीना पर दबंग पड़ोसी ने हमला कर उसका कान काट लिया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, जरीना का बेटा नन्हें सोमवार शाम गांव की एक दुकान पर सामान लेने गया था। लौटते समय रास्ते में उसे गांव का ही नूरुल मिल गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि नूरुल ने नन्हे के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट भी की।
नन्हे ने घर लौटकर पूरी बात अपनी मां जरीना को बताई। जरीना बेटे के साथ शिकायत करने नूरुल के घर पहुंचीं। इस पर आरोपी नूरुल और उसके भाई समसुल भड़क गए। दोनों ने मिलकर जरीना की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इसी दौरान, नूरुल ने अचानक महिला का कान अपने मुंह से काट लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई और कान का हिस्सा अलग हो गया।
शोरगुल सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। सूचना पर परिजन घायल जरीना को तत्काल जिला अस्पताल बरेली लेकर पहुंचे। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
थाना प्रभारी देवरनिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।